Sunday, March 14, 2010

ए.एस.पिल्लई से मुलाकात

ए.एस.पिल्लई

पेप द्वारा आयोजित अतिथि व्याख्यान में कल दोपहर ब्रह्मोस एरोस्पेस के सी.ई.ओ., एम.डी., ए.एस.पिल्लई ने LTC में छात्रों को मिसाइल क्षेत्र में भारत के अभियान के बारे में बताया |
उन्होंने बताया कि कैसे विकसित देश अपनी उन्नत तकनीकों का उपयोग करके विकासशील देशों के तकनीकी विकास पर कड़ी निगरानी रखते हैं व उसमें अड़चनें पैदा करते हैं | उनके अनुसार भारत उन ग्यारह देशों में से एक है जिसके पास 1000 किमी से ज़्यादा परास (रेंज) की मिसाइल है | भारत ने रूस के साथ मिलकर ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया है जो ध्वनि की गति से भी तेज चलने वाली, विश्व की एकमात्र मिसाइल है | और फिलहाल हाईपर-सोनिक मिसाइल का कार्य प्रगति पर है | ब्रह्मोस मिसाइल की गति, परिशुद्धता और उसकी अद्वितीय मारक क्षमता के कारण भारत इस क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ बन गया है | उनके अनुसार मात्र 150 मिलियन डॉलर की लागत से बनी यह मिसाइल 10 बिलियन डॉलर का बिज़नेस कर रही है और आज इसकी मांग न सिर्फ अपने देश में बल्कि पूरे विश्व में है |
उनका मानना है कि भारत के युवाओं में वह शक्ति है जो कुछ भी करने में सक्षम है | एक बार अमेरिका ने भारत को सुपर-कम्प्यूटर देने से इंकार कर दिया था तो भारत ने अपने अथक परिश्रम से मात्र दो वर्षों में ही उससे भी बीस गुना ज़्यादा तेज़ सुपर-कम्प्यूटर का निर्माण किया | उनके विचार से भारत के विकसित राष्ट्र बनने के लिये हमें एकजुट होकर प्रयत्न करना होगा | अन्त में छात्रों की जिज्ञासा को शांत करते हुए भारत के राष्ट्रगान के साथ उन्होंने अपना व्याख्यान समाप्त किया |

Saturday, March 13, 2010

मिथाली – 2010

इस बार ‘मिथाली’ हालाँकि अपने निर्धारित समय सायं पाँच बजे से डेढ़ घंटे देर से  6.30 बजे आरम्भ हुआ फिर भी लोग उसको लेकर अत्यंत  उत्साहित थे  | मिथाली की शुरुआत ‘म्यूजिक क्लब’ के धमाकेदार प्रदर्शन से हुई | जहाँ एक तरफ ‘मस्ती की पाठशाला..’,’घन-घन घोर कारे छाये बदरा…’,’कन्धों से कंधे क़दमों से कदम …’ इत्यादि गानों ने लोगों को झूमने पर विवश  कर दिया वहीँ दूसरी तरफ ‘जिया जले जान जले …’,’सइयाँ….’जैसे गानों से लोग भावविभोर हो गए | इसके बाद माइम क्लब के प्रदर्शन में उनके चुटकलों और व्यंग्यात्मक प्रसंगों पर लोगों ने जमकर ठहाके लगाये | इसी के बीच – बीच में डांस क्लब ने अपने प्रदर्शन से लोगों को का मन मोह लिया | माइम क्लब के कुछ चुटकुले मुख्य तौर पर बिट्सियन जीवन पर आधारित थे जैसे कि ‘एफ डी माँगोगे तो तीन देंगे एम्. बी. माँगोगे तो चीर देंगे’ लोगों को बहुत पसंद आये | इसके अलावा उनके वोडाफोन के विज्ञापन की नक़ल , संसद की कार्यवाही ,’मास्क शो ‘,’काउंटर स्ट्राइक’ इत्यादि के प्रदर्शन से लोग गुदगुदाने पर मजबूर हो गए | इस बार डांस क्लब भी अपने अलग ही रंग में नज़र आया | उनका लगभग हर प्रदर्शन किसी न किसी विषयवस्तु पर आधारित था जिसमें उनकी एक विषयवस्तु लड़कियों की  भ्रूणहत्या पर आधारित थी जो सराहनीय थी | डांस क्लब ने लोकनृत्य, आधुनिक, पाश्चात्य, अर्ध-पाश्चात्य इत्यादि विभिन्न नृत्यशैलियों पर अपनी प्रस्तुति दी | चार घंटों के  मनोरंजन से परिपूर्ण इस कार्यक्रम ने इस तकनीकी उत्सव में सांस्कृतिक  पुट डाल दिया |

Friday, March 12, 2010

मीरा एच सान्याल से मुलाकात

उन्हें एक पेशेवर बैंकर कहें या एक सामाजिक कार्यकर्ता, वो इन सब में फिट बैठती हैं | जी हाँ, हम बात कर रहे हैं मीरा एच सान्याल की, जिनसे अपोजी हिंदी प्रेस ने की मुलाकात | आमने-सामने हुए वार्तालाप के दौरान मीरा ने  बताया कि बिट्स एक बहुत ही अच्छा संस्थान है तथा मेरे काफी सारे मित्र यहाँ से पढ़ चुके हैं | उन्होंने कहा कि उन्हें उद्घाटन बहुत पसंद आया, विशेषकर शुरुआत में दिखाई गयी विडियो जिसमें उन्हें  व्यावसायिकता की झलक दिखाई पड़ी | मीरा ने यहाँ के छात्रों के ऊर्जा की सरहना की |
एक पेशेवर बैंकर होने के साथ ही सामाजिक कार्यों जैसे निर्धनता उन्मूलन, नारी सशक्तिकरण, जैव विविधता का संरक्षण आदि में अपनी भागीदारी के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि हर कार्य के लिए समय निकालना तो काफी मुश्किल होता है पर इन कार्यों में उनकी विशेष रूचि के कारण ये संभव हुआ  | इन कार्यों को करने की प्रेरणा उन्हें परिक्रमा जैसे चंद NGOs में कार्यरत लोगों से मिलती है | नारी सशक्तिकरण हेतु माइक्रोफिनांस नामक पॅालिसी से गरीब और पिछड़ी महिलाओं की आर्थिक उन्नति की पुरजोर कोशिश कर रही हैं | अब तक लगभग 6500 से भी ज्यादा महिलाएं इससे लाभान्वित हो चुकी हैं और करीब 50% से ज्यादा महिलाओं  ने इस पॅालिसी को दुबारा अपनाया है | उनका मानना है कि माइक्रोफिनांस का मूल उद्देश्य बैंक के लिए पैसा बनाना नहीं अपितु हमारे देश में महिलाओं की आर्थिक स्तिथि को मजबूती प्रदान करना है | इसी तरह मीरा HIV(+)  और नशे के आदी बच्चों के पुनर्वास से जुड़े कार्यों में भी अपना योगदान दे रही हैं | सतत विकास और विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए सान्याल ने हमें बताया की वो न सिर्फ मेलघाट और सुंदरवन लाइफलाइन जैसे प्रोजेक्ट्स पर कार्यरत हैं अपितु और भी ऐसे कई प्रोजेक्ट्स की तलास में हैं जिससे की नीचे तबके के लोगों को रोटी, कपडा और मकान मुहैया कराइ जा सके |
26/11 के बारे में पूछे जाने पर  उन्होंने काफी शिकायती लहजे में कहा कि वे सरकार द्वारा अपनाये गए रवैये से काफी अचंभित थी | अपने चुनाव लड़ने के बारे में उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि सरकार के काम करने के तरीके में कुछ बदलाव आये | यद्यपि वो चुनाव हार गयीं, पर उनका चुनावी अनुभव काफी अच्छा रहा |भारतीय राजनीति की सबसे बड़ी कमजोरी के बारे में पूछे जाने पर उनका कहना था की कोई भी राजनेता (politician ) बुरा  नहीं होता है और हर राजनेता अपने हिसाब से अच्छा काम करने की कोशिश ही करता है | पर सारी समस्याएँ यहाँ से शुरू होती हैं की जब हम ये चाहते हैं के किसी कंपनी का सीईओ शिक्षित, बुद्धिमान, कुशाग्र-बुद्धि तथा  ज्ञानी हो तो हम अपने द्वारा चुने गए उम्मीदवारों के लिए ऐसा क्यों नहीं सोचते हैं, क्यों हम किसी अशिक्षित एवं आपराधिक पृष्टभूमि वाले व्यक्ति के हाथ में अपने देश की बागडोर सौंप देते हैं |देश की सबसे बड़ी ताकत आखिर अक्षम हाथों में क्यों ?
इस प्रश्न के जवाब में कि “भारतीय राजनीती को कैसे सुधार जा सकता है ?” उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण बातें कहीं जिनके माध्यम से उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हम :
  • अपने अधिकारों का उपयोग करें |
  • अपने सामाजिक कर्तव्यों का निर्वाह करें |
  • लोगों को उच्च स्तर की माँग करने की जरूरत है |
युवा पीढ़ी से जुड़े रहने के लिए उन्होंने ट्विटर  और ब्लॉग जैसे विकल्पों पर भी विचार विमर्श किए | छात्रों को अपने सन्देश में उन्होंने कहा कि “हमें एक कार्यकर्ता नहीं बल्कि एक बेहतर और सक्रिय नागरिक बनना चाहिए” |

Tuesday, March 9, 2010

वर्ड वार्स


भाषा न सिर्फ संचार का माध्यम है, बल्कि मनुष्य के गौरव से मनुष्य की पहचान बन जाता है | परन्तु एक भाषा का दूसरी भाषा में अनुवाद या शाब्दिक शब्दार्थ से अर्थ का अनर्थ या फिर भाषा का सौन्दर्य कितना रोचक और हास्यप्रद हो सकता है, इसी अनुभूति का अनुभव कराने - अपोजी हिंदी प्रेस आयोजित कर रहा है अपनी पहली अपोजी प्रतियोगिता - वर्ड वार्स !

अपोजी से पहले लिए हुए क्लब डिपार्टमेंट और असोसिएशन के साक्षात्कार


प्रेसिडेंट
नाम - सुधीर बाबू
सुधीर ने बताया कि इस वर्ष अपोजी में करीब 60 इवेंट्स के अलावा और भी कई आकर्षण होंगे | एयर शो और बाइक रेसिंग कराने के लिए वे प्रयासरत हैं | जनता को कुछ आतिशबाजी भी देखने को मिलेगी | सुधीर अब तक हुए काम से काफी संतुष्ट दिखे और उन्हें पूरी उम्मीद है कि अपोजी तक सारा काम सुचारू रूप से पूरा हो जायेगा | विशेष तौर पर उन्होंने इस वर्ष पुरस्कार राशि को बढ़ाकर 11,00,000 रूपये कर दिया है जोकि पिछले वर्ष की तुलना में करीब तीन लाख अधिक है | पिछलेवर्ष ISO प्रमाण पत्र मिल जाने से अपोजी का महत्व और भी बढ़ गया है | बिट्सियन जनता को उन्होंने यही सन्देश दिया कि उन का पूरा प्रयास रहेगा कि अपोजी पिछले वर्षों से और भी ज्यादा भव्य हो | अतः वे घर न जाकर अपोजी का भरपूर लुत्फ़ उठाएँ |


जनरल सेक्रेटरी
नाम - राघव मिमानी
10 मार्च से शुरू हो रहे इस वर्ष के अपोजी के लिए हमारे महासचिव (जेन सेक) काफी आत्म-विश्वास से भरे नज़र आये | उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष के 6 वक्ताओं के मुकाबले इस बार 17 वक्ता आ रहे हैं और सभी बहुत ही विविध पृष्ठभूमि से हैं, जिनमें वैज्ञानिक से लेकर जादूगर और पत्रकार तक शामिल हैं | इस वर्ष पहली बार अपोजी की कोई थीम नहीं है क्यूंकि उनके मुताबिक़ एक टेक-फेस्ट में खुले विचारों की ज्यादा आवश्यकता होती है | इस अपोजी का मुख्य आकर्षण रहेगा- एयर शो जिसमे एक 18 फीट लंबा प्लेन, तीन छोटे प्लेन एवं चौपर होंगे | साथ ही इस बार होंडा की टू-व्हीलर प्रदर्शनी होगी जिसमें छात्रों को टेस्ट राइड करने का भी मौका मिलेगा | इसके साथ ही ज़ोरदार आतिशबाजी की भी तैयारी की जा रही है | इसके अलावा 'डर्ट ट्रैक रेसिंग' , 'नुक्कड़ टॉक' और 'रिवर्स इंजीनियरिंग' जैसे अति-आकर्षक इवेंट भी रहेंगे | इस बार ट्रैक-ओ-मानिया में 3D ट्रैक रहेंगे जो कि भारत में पहली बार होगा | साथ ही इस बार OHT को कॉरपोरेट्स के लिए भी खोल दिया गया है जिससे यह भारत के सबसे बड़े इवेंट्स में से एक में शामिल हो जाएगा |


कंट्रोल्ज़
नाम - चंद्रिका माहेश्वरी
कार्यबल - 36
चन्द्रिका के अनुसार कंट्रोल्ज़ ने अपनी कार्यप्रणाली में काफी सुधार किये हैं | ये पहली बार होगा जब रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन होगा | पहले लोगों को चैक के ज़रिये ईनाम राशि प्राप्त करने में समस्या का सामना करना पड़ता था पर अब सीधा ईनाम राशि उनके खाते में स्थानांतरित हो जाएगी | इस बार ईनाम राशि को बढ़ाकर 11 लाख कर दिया गया है | अपोजी में दिनों की संख्या कम करने के बारे में उन्होंने कहा कि उद्घाटन ही सिर्फ शाम को रखा गया है ताकि अधिक से अधिक लोग उसमें शामिल हो सकें | चंद्रिका के अनुसार 13 मार्च लोगों के आकर्षण का केंद्र होगा क्योंकि उस दिन बॉब (BOB) और टेडेक्स (TEDx) इवेंट्स हो रहे हैं | नये इवेंट्स में माइक्रोमाउस (micromouse) व कंट्रेपशन (contraption) से भी चन्द्रिका को काफी उम्मीदें हैं |


स्पॉन्ज़
नाम – सूर्या महाजन
कार्यबल - 40
स्पॉन्ज़ के CoStAAn सूर्या महाजन के अनुसार इस वर्ष उनके दल ने अभी तक करीब 24 लाख नकद राशि एकत्रित की है | पिछले वर्ष की भांति इस बार भी हिंदुस्तान जिंक प्लैटिनम स्पौंसर है | नए प्रायोजकों में इस बार सैमसंग, टाटा मैकग्रॉ हिल और कैम्पस फ़्रांस प्रमुख हैं | कैम्पस फ़्रांस फ्रेंच एम्बैसी की शैक्षणिक शाखा है | सैमसंग अपोजी के दौरान 4 ऑनलाइन ऑन-कैम्पस इवेंट्स करा रहा है जो कि मोबाइल सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन बनाने पर आधारित होंगे | इनमे से दो इवेंट्स में पुरस्कार स्वरुप सैमसंग द्वारा बंगलोर में इंटर्नशिप कराई जाएगी एवं अन्य दो में सैमसंग फ़ोन दिए जायेंगे | अपोजी का एक प्रमुख आकर्षण रहेगा प्रायोजकों की तरफ से विभिन्न इवेंट्स में दिए जाने वाले इनाम जैसे कि 1 लाख के सैमसंग फ़ोन, आई बी एम लैपटॉप, एप्पल आईपॉड टच और अन्य एप्पल उपकरण | इसके अतिरिक्त एप्पल आईपॉड व होंडा टू-व्हीलर्स की प्रदर्शनी भी जनता को आकर्षित करेंगी |

पेपर इवेल्युएशन एंड प्रिज़ेन्टेशन
नाम : सलिल गोयल
कार्यबल : 40
पेप के संयोजक सलिल गोयल ने बताया कि पेप अपोजी में पेपर प्रस्तुति , पोस्टर प्रस्तुति , साइबर फिएस्टा व् गेस्ट लेक्चर्स का आयोजन करा रहा है | पेपर प्रस्तुति के लिए आईं कुल 1100 प्रविष्टियों में से 350 का चयन किया गया है | साइबर फिएस्टा एक राष्ट्रीय स्तर की सॉफ्टवेयर निर्माण प्रतियोगिता है जो किसी विषय विशेष तक सीमित नहीं है | इस वर्ष की पोस्टर प्रस्तुति प्रतिस्पर्धा का शीर्षक 'प्लानिंग फॉर इंडियास अर्बन मिलियन’ है जो कि IYCM (International Youth Climate Movement) द्वारा प्रस्तुत किया गया है | गत वर्ष की सफलता को देखते हुए इस बार भी गेस्ट लेक्चर्स का आयोजन किया जा रहा है | इस बार कुल 7 वक्ताओं का आना सुनिश्चित हो चुका है जिनमें अर्चना शर्मा , ए.एस. पिल्लई , सतीश झा इत्यादि जैसे सुप्रसिद्ध लोग सम्मिलित है | इनमें से प्रमुख अर्चना शर्मा को बताया जा रहा है जो CERN में कार्यरत हैं | अगर संभव हुआ तो वे बिट्स के छात्रों व शिक्षकों को CERN में काम करने का सुअवसर उपलब्ध करवाने में भी दिलचस्पी रखती हैं



रिसेप्शन एंड अकोमोडेशन
नाम - कुणाल रहर
कहाँ मिलेंगे - रिसेप्शन बूथ
डिपार्टमेंट ऑफ़ रिसेप्शन एंड अकोमोडेशन के संयोजक कुणाल राहर ने बताया कि इस बार अपोजी में लगभग 1500 प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है | होस्पिटैलिटी और बिट्स टूर को बड़े स्तर पर करने की योजना है | प्रतिभागियों को अपनी समस्या बताने के लिए फोन नंबर दिया जाएगा | साथ ही उन्हें फीडबेक फॉर्म भी दिया जाएगा जिससे अगली बार से गुणवत्ता प्रबंधन पर ध्यान दिया जा सके |

पी सी आर
नाम – प्रशांत बालासुब्रमण्यण
सदस्य - 22
पी सी आर के CoStAAn प्रशांत के अनुसार इस बार करीब 140–150 कॉलेजों से तकरीबन 1500 प्रतिभागी आने वाले हैं | उन्होंने कहा कि फेस्ट के ISO प्रमाणित से भी इस संख्या में काफी वृद्धि आई है | साथ ही इस अपोजी में बिट्स पिलानी के तीनों अन्य कैम्पस–दुबई, गोवा व हैदराबाद भी शिरकत लेंगे | इसके अलावा कुछ विदेशी प्रतिभागियों के आने की भी उम्मीद है |

पी.ए.पी.
नाम - देवांशु द्विवेदी
डिपार्टमेंट - पैप (P.A.P.)
कार्यबल - 46
पैप का मुख्य कार्य ओएसिस के बाद शीत कालीन अवकाश से पहले दूसरे कॉलेजों को अपोजी में हिस्सा लेने के लिए पत्र भेजने से शुरू हो जाता है | पैप के कार्यों में मिथाली, ओ.एच.टी (OHT) एवं बॉब के लिए बैकड्राप्स बनाना भी शामिल होता है | बैकड्राप्स की मुख्य थीम कार्निवल है | अपोजी में बनने वाले स्ट्र्क्चर के बारे में उन्होंने बताया कि इस बार का स्ट्र्क्चर एक क्यूब है जिसका हर फलक अलग-अलग पहलू दर्शाता है | इसके अलावा पैप सभी क्लब और डिपार्टमेंट के लिए इन्वेंटरी की व्यवस्था भी करता है | इस बार लेज़र शो की जगह पैप एन.पी.सी.आई.एल (न्यूक्लिअर पावर कारपोरशन इंडिया लिमिटेड) द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन करवा रहा है |

अपोजी की तैयारियाँ दृश्यों के माध्यम से














अपोजी 2010

अपोजी २०१० में आपका स्वागत है |